– रतलाम की पन्नालाल शैतानमल फर्म पर बकाया भाड़ा रोकने, धमकाने और मानसिक प्रताडऩा का आरोप
– पुलिस अधीक्षक के नाम कार्रवाई की मांग
जावरा। रतलाम की एक फर्म पर ट्रक चालक का बकाया भाड़ा नहीं देने और मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का आरोप लगा है। इस मामले में पीडि़त चालक ने बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी जावरा रचना शर्मा को पुलिस अधीक्षक रतलाम के नाम ज्ञापन सौंपकर संबंधित फर्म संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, शाहिद पिता इस्माइल खान, निवासी हम्मालपुरा, जावरा, 16 टायर ट्रक क्रमांक रूक्क 09 क्च्य 7743 का चालक एवं संचालक है। शाहिद ने बताया कि 2 जुलाई 2026 को शबाना रोड लाइंस के माध्यम से रतलाम स्थित महू-नीमच रोड, धान मंडी के सामने संचालित पन्नालाल शैतानमल फर्म के संचालक रोहित जैन से 35 टन गेहूं मुंबई वाशी पहुंचाने का कार्य लिया था, जिसके लिए रुपए 65,000 भाड़ा तय हुआ था।
नमी से 7 क्विंटल गेहूं हुआ गीला –
शाहिद के अनुसार, 4 जुलाई को मुंबई वाशी में माल खाली करते समय नमी के कारण लगभग 7 क्विंटल गेहूं गीला हो गया। उनका कहना है कि यह एक आकस्मिक घटना थी। आरोप है कि जब वह भाड़ा लेने फर्म पहुंचे तो संचालक ने भुगतान करने से इनकार कर दिया और उल्टा रुपए 45,000 देने का दबाव बनाया।
“माल का नुकसान काटकर शेष भाड़ा देने की बात भी नहीं मानी” –
पीडि़त का कहना है कि गीले गेहूं की कीमत करीब 19,600 बनती है। उन्होंने नुकसान की राशि काटकर शेष भाड़ा देने का अनुरोध किया, लेकिन फर्म संचालक ने कथित रूप से धमकाकर भगा दिया।
नौकरी गई, अस्पताल तक पहुंचना पड़ा –
शाहिद का आरोप है कि इस घटना के बाद ट्रक मालिक ने उनकी तनख्वाह से भी राशि काट ली और नौकरी से निकाल दिया। मानसिक तनाव के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। उनका कहना है कि बिल्टी में स्पष्ट उल्लेख रहता है कि आकस्मिक घटना की जिम्मेदारी व्यापारी की होती है तथा माल का बीमा कराना भी व्यापारी का दायित्व है।
वैधानिक कार्रवाई और बकाया भाड़ा दिलाने की मांग –
प्रार्थी ने एसडीएम के माध्यम से पुलिस अधीक्षक रतलाम से मांग की है कि पन्नालाल शैतानमल फर्म के संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर उनका रुपए 65,000 का बकाया भाड़ा दिलाया जाए तथा भविष्य में किसी भी चालक के साथ इस प्रकार की घटना न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इस मामले में जावरा ट्रक ओनर एसोसिएशन ने भी चालक एवं ट्रांसपोर्ट संचालकों के साथ न्यायिक तरीके से खड़े रहने की बात कही है। इस दौरान असलम मेव, अली जमान खान, शाहिद मेव, जीतू, रईस कुरैशी, मांग सिंह सिसौदिया, आकाश राव, दानिश अब्बासी, गोलू मेव, नाहरु खान आदि उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

