– “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत कार्रवाई, चालक और साथी वाहन छोड़कर फरार, पुलिस तलाश में जुटी
बड़ावदा/रतलाम। रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ावदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुलिस ने बिना नंबर की पावरट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली से 289.988 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14.50 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक और उसका एक साथी पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा ग्रामीण संदीप कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में बड़ावदा थाना पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद आरोपी ग्राम सिंदुरकिया स्थित शासकीय मिडिल स्कूल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर अंधेरे और झाडय़िों का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
13 कट्टों में मिला 289 किलो डोडाचूरा –
वाहन की तलाशी लेने पर ट्रॉली में रखे 13 काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 289.988 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही मादक पदार्थ के स्रोत और गंतव्य की भी जांच की जा रही है।
सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया, उप निरीक्षक चन्द्रशेखर डिगा, सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बारिया, शहजाद खान, आरक्षक गोपालसिंह सोनगरा, बालुसिंह तथा सैनिक संग्रामसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

