– राहुल गांधी की गिरफ्तारी पर भड़के कांग्रेसी, जावरा तहसील कार्यालय के बाहर धरना, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
– रतलाम जिले की सभी तहसीलों में विरोध प्रदर्शन, कहीं रैली तो कहीं धरना; पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट
रतलाम/जावरा। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में रतलाम जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जिले की विभिन्न तहसील मुख्यालयों पर कहीं रैली निकाली गई तो कहीं धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जावरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाया और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री को पद से हटाने तथा सरकार के कथित तानाशाही रवैये को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है और इस प्रकार की कार्रवाई का विरोध लगातार जारी रहेगा।

भारी पुलिस बल तैनात –
जावरा में धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी करते नजर आए, इस दौरान मोदी हाय हाय, शिक्षा मंत्री हाय हाय के नारों के साथ दिल्ली प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। धरना-प्रदर्शन को देखते हुए जावरा तहसील कार्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले की अन्य तहसीलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। इस दौरान कांग्रेस नेता नीतिराजसिंह, मोहम्मद युसूफ कड़पा, सुशील कोचट्टा, हिम्मतसिंह श्रीमाल, अजीजुर्रहमान पठान आदि उपस्थित रहे।

सैलाना, रतलाम और नामली में रैली के बाद धरना शुरु –
जावरा के साथ ही रतलाम में स्टेशन रोड़ थाने के बाहर कांग्रेस ने धरना शुरु कर दिया हैं। वहीं सैलाना में जिलाध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत के नेतृत्व में तहसील कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन जारी हैं। वहीं नामली में रैली के बाद धरना जारी हैं।


