– विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के सवालों पर सरकार के कई अहम जवाब
– शांतिवन, सहकारी संस्थाओं और औद्योगिक क्षेत्र के पानी पर भी महत्वपूर्ण जवाब
भोपाल/जावरा। विधानसभा के मानसून सत्र में जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय द्वारा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए गए। इनके जवाब में प्रदेश सरकार ने खेल, ग्रामीण विकास, सहकारिता और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कई अहम फैसलों और प्रगतिरत कार्यों की जानकारी दी। सबसे बड़ी घोषणा जावरा में इंडोर एवं आउटडोर खेल स्टेडियम निर्माण को लेकर हुई, जिससे क्षेत्र के खिलाडिय़ों में नई उम्मीद जगी है।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने विधायक डॉ. पांडेय के प्रश्न के उत्तर में बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जावरा प्रवास के दौरान नगर में इंडोर एवं आउटडोर खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही स्टेडियम निर्माण की आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पिपलौदा में भी हुई प्रक्रिया शुरु –
मंत्री ने बताया कि इसी प्रकार पिपलौदा में भी 10 एकड़ भूमि आवंटन के बाद खेल स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विकासखंड स्तर पर विभिन्न खेल गतिविधियां संचालित कर रही है। साथ ही प्रदेश की 11 खेल अकादमियों के माध्यम से 18 खेलों का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
शांतिवन और परिजन विश्राम शेड को मिली रफ्तार –
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न के उत्तर में बताया कि पिछले पांच वर्षों में जावरा एवं पिपलौदा विकासखंड के 66 स्थानों पर शांतिवन एवं परिजन विश्राम शेड निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनमें 34 कार्य विधायक निधि से स्वीकृत किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
रतलाम जिले में 791 सहकारी संस्थाएं, 381 निष्क्रिय –
सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि रतलाम जिले में कुल 791 सहकारी संस्थाएं पंजीकृत हैं। इनमें 410 कार्यशील और 381 निष्क्रिय हैं। जिले में 116 कृषि सहकारी समितियों के लगभग 1 लाख 16 हजार सदस्य तथा 75 गृह निर्माण सहकारी समितियों के 4,994 सदस्य हैं। पिछले 10 वर्षों में कृषि साख सहकारी संस्थाओं के विरुद्ध 78 तथा गृह निर्माण सहकारी संस्थाओं के विरुद्ध 96 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
औद्योगिक क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान की दिशा में काम –
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न के उत्तर में बताया कि जावरा के बहु-उत्पाद औद्योगिक क्षेत्र में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। औद्योगिक परिसर में आंतरिक पाइपलाइन, सम्पवेल और ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही निवेशकों को उद्योग संचालन में परेशानी न हो, इसके लिए अस्थायी जल प्रदाय की अनुमति भी दी जा रही है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

