– रहवासियों ने खोला मोर्चा; गुंडागर्दी, धमकी और अवैध निर्माण के आरोपों से मचा हड़कंप
जावरा। महावीर कॉलोनी में बगीचे की जमीन को लेकर अब विवाद खुलकर सड़क पर आ गया है। कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर के नाम मुख्य नगर पालिका अधिकारी चन्द्रशेखर सोनिस को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कॉलोनी के लिए आरक्षित सार्वजनिक बगीचे की भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर प्लॉट बेचे जा रहे हैं, निर्माण कराया जा रहा है और विरोध करने वालों को धमकाया जा रहा है। रहवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो हालात बिगड़ सकते हैं।
बगीचे की जमीन पर कब्जा कर बेच दिए प्लॉट, अब तेजी से हो रहा निर्माण –
ज्ञापन के अनुसार महावीर कॉलोनी में बगीचे के लिए छोड़ी गई भूमि पर इरफान मेव नामक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर प्लॉट बेचे गए हैं। अब उसी भूमि पर निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। रहवासियों का आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति ने जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण नहीं रोकने की बात कही।
विरोध करने वालों को धमकाने और गुंडे बुलाने का आरोप –
कॉलोनीवासियों ने ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाए हैं कि जब रहवासियों ने अवैध निर्माण का विरोध किया तो उन्हें डराया-धमकाया गया। आरोप है कि मौके पर गुंडा प्रवृत्ति के लोगों को बुलाकर जान से मारने तक की धमकी दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया है।
बच्चों का पार्क खत्म, रास्ता भी हो जाएगा संकरा –
रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी बसाते समय बच्चों के खेलने और हरियाली के लिए बगीचे की भूमि छोड़ी गई थी। यदि उस पर निर्माण हो गया तो कॉलोनी में बच्चों के लिए कोई सार्वजनिक स्थान नहीं बचेगा। इतना ही नहीं, निर्माण मुख्य रास्ते तक पहुंचने से सड़क संकरी होने और भविष्य में आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
बरसात में खुले गड्ढे बन सकते हैं हादसे की वजह –
ज्ञापन में बताया गया कि निर्माण के लिए बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भरने से किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इसलिए निर्माण तत्काल रुकवाने और गड्ढों को भरवाने की मांग की गई है।
रहवासियों की प्रमुख मांगें –
– बगीचे की भूमि पर चल रहे कथित अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए।
– राजस्व एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम से मौके का सर्वे कराया जाए।
– बगीचे की जमीन की जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए।
– यदि कब्जा अवैध पाया जाए तो उसे हटाकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
– निर्माण स्थल पर खोदे गए गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए।
सीएमओ बोले— नोटिस जारी कर मांगा जाएगा जवाब –
मुख्य नगर पालिका अधिकारी चन्द्रशेखर सोनिस ने बताया कि कॉलोनीवासियों के ज्ञापन के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर जानकारी मांगी जाएगी। प्राप्त जवाब एवं जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

