– सरदार पटेल हॉस्पिटल एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त प्रयास से इकबालगंज क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण
– जुलाई में होगा वृहद रक्तदान, टीकाकरण एवं आयुष्मान शिविर
जावरा। सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से सरदार पटेल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, बन्नाखेड़ा एवं भारत विकास परिषद शाखा जावरा के संयुक्त तत्वावधान में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को वार्ड क्रमांक 25, 26 एवं 27 के इकबालगंज क्षेत्र में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में इकबालगंज, यादव मोहल्ला, स्टेशन रोड, रतलामी गेट सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप जाट ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रक्तचाप, शुगर, हृदय रोग सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की। गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार के लिए आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सरदार पटेल हॉस्पिटल रेफर किया गया, जिससे पात्र मरीजों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिल सके।
जुलाई में लगेगा रक्तदान व आयुष्मान शिविर –
इस अवसर पर भारत विकास परिषद अध्यक्ष शेखर नाहर एवं सरदार पटेल हॉस्पिटल के पदाधिकारियों ने घोषणा की कि जुलाई माह में सरदार पटेल हॉस्पिटल परिसर में वृहद रक्तदान शिविर, टीकाकरण शिविर एवं विशेष आयुष्मान भारत सहायता केंद्र का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अलग से आयुष्मान टीम तैनात रहेगी, जो पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, योजना की जानकारी देने तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।
शिविर में इन्होने किया सहयोग –
शिविर में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष शेखर नाहर, सचिव गोपाल सेठिया, पूर्व अध्यक्ष पप्पू सिंह (एलआईसी), वार्ड पार्षद तेज सिंह, कालू कदम, माली समाज के वरिष्ठजन कैलाश माली एवं सुनील सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं सरदार पटेल हॉस्पिटल की ओर से मार्केटिंग मैनेजर प्रेम बनोपा, जनसंपर्क अधिकारी मेहमूद अली अब्बासी तथा सरदार पटेल नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में भारत विकास परिषद एवं सरदार पटेल हॉस्पिटल ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे जुलाई में आयोजित होने वाले इस वृहद जनसेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण तथा आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

