– छत की चद्दर हटाकर सूने घर में घुसा था आरोपी, पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर दबोचा
पिपलौदा/जावरा। रतलाम जिले के पिपलोदा में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि जिस घर में चोरी हुई, उसका पड़ोसी ही चोर निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 5.75 लाख रुपए मूल्य के चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी गई लोहे की पेटी बरामद कर ली है।
जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर पिपलोदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल खुलासा किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कोली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा मश्रुका बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 की रात से 9 जून की सुबह के बीच झाला नगर निवासी श्रीमती इतरीबाई के घर में अज्ञात चोर ने छत पर लगी चद्दर हटाकर प्रवेश किया और घर में रखी नगदी एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही थाना पिपलोदा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदेह के आधार पर फरियादिया के पड़ोस में रहने वाले जितेन्द्र बागरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
5.75 लाख का मश्रुका जप्त –
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई लोहे की पेटी, 75 हजार रुपए नगद तथा करीब 1 किलो 911 ग्राम वजन के चांदी के आभूषण बरामद किए। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 5.75 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में पुलिस ने जितेन्द्र पिता कारूलाल बागरी (23) निवासी झाला नगर, पिपलोदा, जिला रतलाम को गिर$फतार किया हैं। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लोहे की पेटी, चांदी के कड़े 2 जोड़ी, चांदी की दोयड़ी 1 नग, चांदी की चूड़ी 1 जोड़ी, चांदी का कड़ा 1 नग, चांदी की साकली 1 नग तथा नगद 75 हजार रुपए जब्त किए हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कोली, उपनिरीक्षक रूपसिंह शक्तावत, सहायक उपनिरीक्षक नीलिमा प्रभा, आरक्षक अभय चौहान, विजयपाल सिंह एवं प्रेम मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

