– प्रेसिडेंट होटल के सामने जोयो तिराहे पर कार्रवाई, 2.81 लाख रुपये का अवैध मादक पदार्थ जब्त; आरोपी से पूछताछ जारी
जावरा। मादक पदार्थ तस्करों की नई-नई तरकीबों के बीच जावरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बीड़ी के कार्टून में छिपाकर ले जाए जा रहे 56.340 किलोग्राम डोडाचूरा को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
30 नंबर बिड़ी के कार्टून में मिला डोडाचुरा –
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महू-नीमच फोरलेन स्थित प्रेसिडेंट होटल के सामने जोयो तिराहे पर एक व्यक्ति बस से कहीं जाने की तैयारी में है और उसके पास बड़ी मात्रा में डोडाचूरा मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक के बोरों में रखे चार खाकी रंग के 30 नंबर बीड़ी के प्रिंट वाले कार्टून मिले। जब कार्टून खोले गए तो उनमें अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरा हुआ मिला। पुलिस ने कुल 56.340 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 81 हजार 700 रुपये बताई गई है।
नीमच जिले के मनासा का हैं आरोपी –
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील पिता शंभूलाल मीणा (26 वर्ष), निवासी भाण्डिया, थाना मनासा, जिला नीमच के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूछताछ में डोडाचूरा के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।
2 लाख से अधिक का मश्रुका जप्त –
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 56.340 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (अनुमानित कीमत रुपए 2,81,700) जप्त किया हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उप निरीक्षक कन्हैया अवास्या, उप निरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया, सहायक उप निरीक्षक छगनलाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक संजय आंजना तथा आरक्षक पवन, योगेश, प्रीतम, रविंद्र सिंह, अभिजीत सिंह और गोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

