– अरनिया मंडी की सुरक्षा होगी हाईटेक,सीसीटीवी स्ट्रीट लाइट और पुलिस-व्यापारी समन्वय पर बनी रणनीति
– व्यापारियों की बैठक में सुरक्षा, साइबर फ्रॉड और कानून व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
जावरा। अरनिया मंडी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मंडी कार्यालय में पुलिस प्रशासन और व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडी क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराजसिंह चौहान, एसडीएम जावरा सुनिल जायसवाल, एसडीओपी संदीप मालवीय, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र प्रकाश गाड़रिया, थाना प्रभारी जावरा शहर दीपक मंडलोई, मंडी सचिव रंजीतकुमार वसुनिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं मंडी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मंडी से भीमाखेड़ी रेलवे फाटक तक सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी –
बैठक के दौरान अरनिया मंडी से भीमाखेड़ी रेलवे फाटक तक के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मार्ग एवं मंडी परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
नकदी लेकर चलने वाले व्यापारियों को विशेष सावधानी की सलाह –
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को रात्रिकालीन समय में बड़ी नकदी राशि लेकर अकेले आवागमन नहीं करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक –
बैठक में व्यापारियों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए विशेष रूप से जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयरिंग और डिजिटल ठगी से बचने के उपाय बताए। सोशल मीडिया पर अफवाह या अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने की भी समझाइश दी गई।
पुलिस ने मांगा व्यापारियों का सहयोग –
अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच मजबूत समन्वय आवश्यक है। व्यापारियों से पुलिस के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। व्यापारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव दिए तथा पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

