– पूर्णाहुति के बाद होगा भंडारे का आयोजन
जावरा। ग्राम भीमाखेड़ी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर धर्मालुओं की अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां विराजित बजरंगबली की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन मात्र से ही श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठते हैं। विशेष अवसरों पर तो यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी महायज्ञ के समापन अवसर पर गुरुवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमडऩे की संभावना है। इसी दिन आयोजित भंडारे में हजारों की संख्या में नागरिक प्रसादी ग्रहण करेंगे। 17 मई से प्रारंभ हुए पांच दिवसीय श्री राम मारूति महायज्ञ की पूर्णाहुति गुरुवार को होगी। इसके पश्चात सायं लगभग 5 बजे बजरंगबली की महाआरती की जाएगी। महाआरती के उपरांत भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें भीमाखेड़ी सहित जावरा एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
निकली गंगाजल कलश यात्रा –
महायज्ञ के समापन अवसर पर 21 मई को प्रात: 8 बजे गंगाजल कलश यात्रा थाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई। यह यात्रा रेलवे ब्रिज एवं भीमाखेड़ी फाटक रोड होते हुए पूरे ग्राम में भ्रमण के बाद हनुमान मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में ढोल-डीजे व बैंड की धुन पर महिलाएं एवं युवतियां सिर पर कलश धारण कर चल रही थी। यात्रा में बड़ी संख्या में पुरुष व महिलाएं शामिल रही।
साढे 13 लाख रुपए में बना टीन शेड –
श्री महावीर हनुमान मंदिर यज्ञ समिति एवं श्री महावीर हनुमान भक्त मंडल, भीमाखेड़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महायज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ ले रहे हैं। मंदिर से जुड़े भक्त अशोक जैन आंटिया ने बताया कि यहां विराजित हनुमानजी की प्रतिमा चमत्कारिक एवं संकटमोचक मानी जाती है। पिछले 16 वर्षों से यहां निरंतर हवन, यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विगत 7 वर्षों से यज्ञ पूर्णाहुति के बाद भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल टीन शेड का निर्माण कराया गया है, जिस पर लगभग साढ़े 13 लाख रुपए खर्च हुए हैं। इससे अब वर्षा और तेज धूप के दौरान भी धार्मिक कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सकेंगे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

