– बीएनएस की धारा 108 के साथ एट्रोसिटी एक्ट में केस दर्ज
– एक घंटे लगा रहा ब्रिज पर जाम, सैलाना विधायक भी पहुंचे
जावरा। हरियाखेड़ा के युवक लक्ष्मीचंद्र आत्महत्या प्रकरण में ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन और सिटी ओवरब्रिज जाम के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने सरपंच जितेंद्र पाटीदार सहित आवेदन में नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इधर मामले की सूचना मिलने पर सैलाना विधायक कलेश्वर डोडियार भी जावरा पहुंचे और ग्रामीणों तथा परिजनों के साथ ओव्हरब्रिज पहुंचकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो से चर्चा की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में सरपंच जितेन्द्र पाटीदार, लोकेश पाटीदार तथा पुरुषोत्तम पाटीदार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 3 (5) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3 (2) (Va) के तहत प्रकरण कायम किया गया है। सरपंच जितेन्द्र पाटीदार को राउंडअप कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। ओव्हर ब्रिज पर सीएसपी युवराजसिंह चौहान, पिपलौदा तहसीलदार देवेन्द्र दानगढ़, नायब तहसीलदार वैभव जैन, ओद्योगिक क्षैत्र थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान के साथ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मोजुद रहे।
एएसआई लाइन हाजिर, एक गिरफ्तार –
मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते औद्योगिक क्षेत्र थाने पर पदस्थ एएसआई आशीष मांगरिया को एसपी अमित कुमार ने लाइन हाजिर कर दिया है। एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो अन्य की तलाश जारी है, साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
कार्रवाई के बाद खुला जाम –
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर जावरा सिटी ओवरब्रिज पहुंचे थे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। लगभग एक घंटे तक चले चक्का जाम के दौरान दोनों ओर लंबी वाहनों की कतार लग गई। प्रशासन द्वारा एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी और एएसआई पर कार्रवाई के बाद ही ग्रामीण माने और जाम खोला गया। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस और प्रशासन की मौजुदगी में लक्ष्मीचन्द्र का अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा किया गया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

