– जावरा में दबिश 10 किलो एमडी के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई रवाना, मुख्य सरगना भय्यु लाला फरार
जावरा। अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ मुंबई पुलिस ने जावरा पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलो एमडी ड्रग्स के साथ मंगलवार की रात में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस नेटवर्क का मुख्य सरगना मंदसौर जिले की सीतामऊ तहसील के गांव सुरजनी का भय्यु लाला मौके से फरार हो गया। बुधवार को गिरफ़्तार दोनो आरोपियों को जावरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर मुंबरा पुलिस उन्है मुंबई ले गई।
मुंबई पुलिस के इंस्पेक्टर रोहित केदारा ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई 2026 में मुंबई में दर्ज एमडी ड्रग्स तस्करी के एक गंभीर प्रकरण से जुड़ी है। इसी केस में 11 जनवरी को मुंबई में 23 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी पकड़ा गया था, पुछताछ में कुछ और नाम सामने आए, जिसके अगले दिन मुंबई पुलिस ने पुन: 3.50 किलो एमडी पकड़ी, जिसके बाद इस नेटवर्क का मंदसौर-सीतामऊ-जावरा कनेक्शन सामने आया। जिस पर मुंबई पुलिस मंगलवार को सुबह मंदसौर जिले की सीतामऊ तहसील के सुरजनी गांव पहुंची थी। लेकिन वहां से भय्यु लाला अपने दो साथियों के साथ भागने में कामायाब हो गया। लोकेशन ट्रेस करने पर उनकी लोकेशन जावरा के आसपास की मिली।
लोकेशन ट्रेस, दबिश और 10 किलो एमडी की बरामदगी –
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भय्यु लाला की लोकेशन ट्रेस कर मुंबई पुलिस की टीम जावरा क्षेत्र पहुंची। रतलाम जिले में इंटर होते ही मुंबई पुलिस ने रतलाम एसपी अमित कुमार से सम्पर्क किया, जिस पर एसपी ने एएसपी विवेककुमार लाल को जावरा भेजा। सूचना पर मुंबई पुलिस के साथ जावरा औद्योगिक क्षैत्र थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान और हुसेन टेकरी चौकी प्रभारी कुलदीप देथलिया व पुलिस जवान ट्रेस लोकेशन के आधार पर हुसैन टैकरी के समीप पहुंचे और दबिश दी तो भय्यु लाला अपने साथियों के साथ भाग निकला, लेकिन पुलिस ने उसके दो साथी मनोहर गुर्जर निवासी सुखाखेड़ा और जाजू सुल्तान निवासी तीतरौद, जिला मंदसौर को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 10 किलो एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
सरगना की तलाश में मंदसौर-जावरा में दबिश –
इधर, फरार सरगना भय्यु लाला की गिरफ्तारी के लिए मुंबई और जावरा पुलिस ने मंदसौर जिले के विभिन्न इलाकों में देर रात तक दबिशें दीं। पुलिस को उम्मीद है कि पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ में जल्द ही पूरे ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश होगा। यह कार्रवाई ड्रग माफिया के खिलाफ चल रहे राष्ट्रीय स्तर के अभियान में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है।
कोर्ट से मुंबई रवाना –
मंगलवार की रात में पकड़े गए दोनो आरोपियों को बुधवार सुबह दोनों आरोपियों को जावरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां मुंबई पुलिस ने पूरे केस की जानकारी अदालत के सामने रखी। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मंजूर होने के बाद दोनों को कड़ी सुरक्षा में मुंबई ले जाया गया, जहां उनसे ड्रग्स सप्लाई चैन, बड़े सप्लायर और नेटवर्क के मास्टरमाइंड को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
०००००००००००००००००००

