– अटल जन्म शताब्दी, प्रदेश सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने और मतदाता पुनरीक्षण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला मिशन मोड का संदेश
जावरा। देश को स्वस्थ रखने के लिए जैसे शुद्ध जल, अन्न और स्वच्छ पर्यावरण जरूरी है, उसी प्रकार लोकतंत्र को मजबूत और निष्पक्ष बनाने के लिए शुद्ध मतदाता सूची अनिवार्य है।
यह बात भाजपा संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने भारतीय जनता पार्टी जावरा विधानसभा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी, प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने तथा एसआईआर मतदाता पुनरीक्षण अभियान के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
सुरेश आर्य ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नवंबर माह से मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी कार्यरत हैं। भाजपा ने भी हर बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त कर इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का काम किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भारत के नागरिक हैं और 2003 या उससे पूर्व से यहाँ निवासरत हैं, परंतु मतदाता सूची से वंचित हैं, उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची में जोड़ा जाए। वहीं जो घुसपैठिए या अपात्र व्यक्ति अवैध रूप से सूची में शामिल हैं, उन्हें बाहर करने का दायित्व भी कार्यकर्ताओं का है। यह अभियान देश को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
विधायक ने बताई दो साल की उपलब्धियां –
इस अवसर पर लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने प्रदेश सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां रखते हुए बताया कि मोहन यादव सरकार ने जावरा विधानसभा को पिछले दो वर्षों में 200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगातें दी हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्य कर क्षेत्र को विकास की नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया गया है। जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। स्वागत भाषण जिला महामंत्री महेश सोनी ने दिया, जबकि कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मुकेश बग्गड़ ने किया। मंच पर जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केके सिंह कालूखेड़ा, कान्हसिंह चौहान, कीर्तिशरण सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इन्होने किया स्वागत –
अतिथियों का स्वागत मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, महामंत्री अनिल धारीवाल, मनीष ऊंटवाल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह देवड़ा, मांगीलाल पांचाल, घनश्याम बैरागी, कैलाश बारोड़, भवरगिरी गोस्वामी, विनोद शर्मा और विजय शर्मा द्वारा किया गया। पार्षद रजत सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में भाजपा के सभी मंडल, मोर्चा पदाधिकारी, बीएलए-2, शक्ति केंद्र संयोजक-सहसंयोजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में नगर मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

