– इंस्पायर अवार्ड में महावीर जैन नेशनल स्कूल जावरा की तनीष कुंवर सोलंकी का बनाया स्मार्ट जैकेट चयनित
जावरा। इन्दौर में आयोजित राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी-प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में रतलाम जिले के ग्राम उपरवाडा निवासी होनहार छात्रा तनीष कुंवर सोलंकी ने जिले का नाम रोशन किया है। महावीर जैन नेशनल स्कूल, जावरा की 10वीं की छात्रा तनीष का महिला सुरक्षा से जुड़ा अभिनव जैकेट मॉडल राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 55 जिलों के लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें रतलाम जिले से सत्र 2023-24 एवं 2024-25 के 15 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इतनी कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच तनीष का चयन जिले के लिए गर्व का विषय बना है।
छेड़छाड़ पर तुरंत अलर्ट भेजने वाली स्मार्ट जैकेट –
तनीष कुंवर का मॉडल महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह एक स्मार्ट जैकेट है, जिसे पहनकर यदि कोई लड़की या महिला अकेले बाहर जाती है और उसके साथ छेड़छाड़ या खतरे की स्थिति उत्पन्न होती है, तो जैकेट के माध्यम से तुरंत माता-पिता को अलर्ट मैसेज भेजा जाता है और पीडि़ता की लाइव लोकेशन भी सेंड हो जाती है यह मॉडल न सिर्फ तकनीकी रूप से उपयोगी है बल्कि सामाजिक सुरक्षा की दिशा में भी एक प्रभावशाली नवाचार है।
शिक्षा विभाग ने दी बधाई –
तनीष कुंवर सोलंकी के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर, एडीपीसी अशोक लोढ़ा, सहायक संचालक राहुल मंडलोई, बीईओ ज्योति पटेल, जिला विज्ञान अधिकारी जितेन्द्र जोशी, सहायक जिला विज्ञान अधिकारी स्वतंत्र श्रोत्रिय एवं एपीसी मुकेश ठन्ना ने तनीष, अन्य चयनित विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षक शाहरुख को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इन्दौर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में रतलाम जिले के दल का नेतृत्व महेंद्र प्रताप सिंह चंद्रावत (उ. मा. शि. चिकलाना) ने किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

