— कांग्रेस नेता वरुण श्रोत्रिय एडवोकेट ने राष्ट्रपति व राज्यपाल से की शिकायत
जावरा। भाजपा की कथनी और करनी में अंतर एक बार फिर उजागर हो गया है। रतलाम में आयोजित जिला विकास समिति की बैठक के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री विजय शाह द्वारा लाडली बहनों को लेकर दिए गए बयान को कांग्रेस ने महिलाओं का खुला अपमान करार दिया हैं।
कांग्रेस नेता वरुण श्रोत्रिय एडवोकेट ने जारी बयान में कहा कि भाजपा एक ओर लाडली बहनों को सम्मान देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उन्हें राजनीतिक कार्यक्रमों में जबरन उपस्थिति के लिए बाध्य करने जैसा व्यवहार कर रही है। प्रभारी मंत्री द्वारा यह कहना कि ढाई लाख लाभार्थी बहनों में से कम से कम 50 हजार को मुख्यमंत्री के सम्मान कार्यक्रम में आना ही चाहिए, महिलाओं की गरिमा और स्वाभिमान पर सीधा प्रहार है। श्रोत्रिय ने कहा कि यह बयान साफ दर्शाता है कि भाजपा सरकार लाडली बहनों को सम्मान नहीं, बल्कि वोट बैंक के रूप में देख रही है। सम्मान निधि को भी राजनीतिक दबाव और लालच का माध्यम बनाया जा रहा है, जो अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने बैठक में कई अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब मंत्री और विधायक मौजूद हों, तब अधिकारियों का न आना शासन-प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता वरुण श्रोत्रिय एडवोकेट ने इस पूरे घटनाक्रम को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल से मांग की है कि ऐसे बयान देने वाले प्रभारी मंत्री विजय शाह के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि जनता और लाडली बहनों का सम्मान सुरक्षित रह सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

