– देरी से पहुंचे सीएम, रोड़ शो का रूट किया आधा, सीएम के रथ को धक्का मारकर करना पड़ा स्टार्ट
– सीएम के रोड़ शो के लिहाज से नहीं दिखे कार्यकर्ता, भीड भी रही कम
– प्रधानमंत्री मोदी और भगवान राम के नाम पर वोट की अपील कर गए मुख्यमंत्री
– चौपाटी चौराहे से लेकर लक्ष्मीबाई रोड़ तक बनाए स्वागत मंच रह गए सुने
जावरा। रामनवमी के दिन भगवान राम का सूर्य तिलक किया, इससे दो दिन पहले ईद मनाई, भाजपा हिन्दु मुस्लिम में फर्क नहीं करती हैं, हिन्दु मुस्लिम एकता कांग्रेस को पसंद नहीं आती हैं। सत्तर सालों तक कांग्रेस राम मंदिर को उलझाती रही, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में न्यायालय का फैसला आते ही न्यायालय में केस लडऩे वालों ने भी श्रीराम के उत्सव में भाग लिया। पाकिस्तान के पास बम हैं तो हमारे पास नरेन्द्र मोदी नाम का एटम बम हैं, दो बार मारकर पाकिस्तान को भगाया हैं।
यह बात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जावरा के नीमचौक में रोड़ शो के बाद नुक्कड सभा को सम्बोधित करते हुए कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्व के सभी मुस्लिम देश प्रधानमंत्री का सम्मान करते हैं, बंगलादेश की प्रधानमंत्री मोदीजी को राखी भेजती हैं। प्रधानमंत्री साड़ी भेजते हैं, अयोध्या के बाद अरब में भी भगवान मुस्कराये हैं, उसका बड़ा कारण नरेन्द्र मोदी हैं। इसलिए हम सभी को मिलकर एक बार फिर नरेन्द्र मोदी की सरकार बनाने का संकल्प लें।
नीम चौक से शुरु हुआ रोड़ शो –
शनिवार को दोपहर करीब 1.18 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर बरगढ़ फंटा स्थित हेलीपेड पर लेण्ड हुआ। जहां से सीएम कार द्वारा नीम चौक पहुंचे, नीम चौक से रथ में विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय, सांसद प्र्रत्याशी सुधीर गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, विधानसभा प्रभारी महेश सोनी तथा मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा के साथ रथ में सवार हुए और नीम चौक से रोड़ शो प्रारंभ किया। जो पिंजारवाड़ी, आजाद चौक, सोमवारियां, गोवर्धननाथ मंदिर चौराहा, शुक्रवारियां, फूटी बावड़ी, पीपली बाजार, जवाहर पथ, चूड़ी बाजार, बजाजखाना, घन्टाघर, कोठी बाजार होते हुए नीमचोक स्थित भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर समाप्त हुआ, जहां सीएम ने नुक्कड़ सभा के माध्यम से सम्बोधित किया। सभा में मुख्यमंत्री ने भी केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भगवान नाम के नाम पर ही जनता से वोट देने की अपील की।
चौपाटी लेकर लक्ष्मीबाई रोड़ के मंच रह गए सुने –
मुख्यमंत्री का रोड़ शो पूर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार चौपाटी चौराहे से होना था, लेकिन सीएम के देरी से आने के चलते रोड़ शो के रूट को आधा करना पड़ा, जिसके बाद चौपाटी के बजाय नीमचौक चौराहे से रोड़ शो प्रारंभ हुआ। ऐसे में चौपाटी चौराहे से लेकर लक्ष्मीबाई रोड़ और नीमचौक तक भाजपा द्वारा लगाए स्वागत मंच सुने पड़े रहे।
रथ को धक्का देकर किया स्टार्ट –
विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के मध्यप्रदेश के मुखिया के रोड़ शो के लिए रथ भी बेहतर नहीं मिल सका। सुबह से तैयार रथ नीम चौक पर पहुंचकर बंद हो गया। जिसे कार्यकर्ताओं ने सीएम के आने से पहले धक्का मारकर स्टार्ट किया। रथ के ड्राईवर ने बताया कि बैटरी बैठ गई थी, इसलिए बंद हो गया। रथ को देखकर शहरवासियों ने कहा कि इससे तो अच्छा ओपन जीप में रोड़ शो कर लेते ।
सीएम के रोड़ शो में संख्या दिखी कम –
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने सांसद प्रत्याशी सुधीर गुप्ता के समर्थन में जावरा में रोड़ शो किया। लेकिन सीएम के रोड़ शो के हिसाब से जावरा में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की संख्या में कमी देखी गई हैं। जबकि सीएम के रोड़ शेा और सभाओं में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आमजन पहुंचता हैं, लेकिन शनिवार को हुए इस रोड़ शो में केवल पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता ही नज़र आए, आम जनता व आम कार्यकर्ता रोड़ शो में नहीं दिखाई दिए। रोड शो में संख्या का कम होना गर्मी कि अधिकता रही या सांसद के खिलाफ लोगो कि नाराज़गी रही l


