– गणेश वंदना से हुआ शुभारंभ, ‘छावा-संभाजी महाराज’ प्रस्तुति ने जीता दिल
– नासिक ढोल व ब्राजीलियन इंस्टमेंटल पर झूमे दर्शक
जावरा। महावीर जैन नेशनल स्कूल द्वारा छात्रों की वर्षभर की कला साधना को अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से दो दिवसीय नृत्य एवं संगीत कौशल प्रदर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन स्कूल परिसर में किया गया। कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें छात्रों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की सफलता और भव्यता को देखते हुए अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्रों की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसमें छात्रों ने भगवान गणेश की स्तुति भावपूर्ण नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की। इसके बाद नरसिंह अवतार की प्रस्तुति में भगवान विष्णु के उग्र रूप का प्रभावशाली चित्रण किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तीसरी प्रस्तुति छावा — संभाजी महाराज की विरासत रही, जिसमें छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन, शौर्य और बलिदान को जीवंत रूप से दर्शाया गया। यह प्रस्तुति दर्शकों को भावुक कर देने में सफल रही। अंतिम नृत्य माता-पिता को समर्पित था, जिसमें बच्चों ने कृतज्ञता, प्रेम और सम्मान की भावनाओं को सुंदर मुद्राओं एवं अभिनय के माध्यम से व्यक्त किया।
नासिक ढोल ने बांधा समा –
संगीत प्रस्तुतियों में छात्रों ने ब्राजीलियन इंस्ट्मेंटल कवर सॉन्ग प्रस्तुत कर आधुनिक धुनों को भारतीय शैली में ढालकर सराहना बटोरी। नासिक ढोल की तेज थाप से पूरा परिसर उत्साह से गूंज उठा। इसके अलावा छात्रों द्वारा एकल गायन भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें शास्त्रीय, भक्ति एवं लोक गीतों का सुंदर गायन हुआ। सभी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।
कला और संस्कृति के प्रति रूचि विकसित करना उद्देश्य –
स्कूल प्राचार्य डॉ. अश्विन गंगवाल ने बताया कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम छात्रों द्वारा पूरे शैक्षणिक वर्ष में सीखी गई नृत्य, संगीत एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रस्तुति थी। स्कूल का उद्देश्य छात्रों में कला एवं संस्कृति के प्रति गहरी रुचि विकसित करना तथा उन्हें भविष्य में पेशेवर कलाकार बनने के लिए तैयार करना है। ऐसे मंच छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ते हैं।
अभिभावक बोले ग्रैंड एण्ड सक्सेसफुल इवेंट –
अभिभावकों ने कार्यक्रम को ग्रैंड एंड सक्सेसफुल बताते हुए स्कूल के प्रयासों की प्रशंसा की। कई अभिभावकों ने कहा कि अपने बच्चों की छिपी प्रतिभा को इस स्तर पर देखकर वे अत्यंत गर्वान्वित हैं। महावीर जैन नेशनल स्कूल समग्र विकास के साथ-साथ कला-संस्कृति को बढ़ावा देने में अग्रणी रहा है। ऐसे आयोजन न केवल छात्रों की प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतिनिधित्व करने के लिए भी तैयार करते हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

