– नई दिल्ली के भारत मंडपम में राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश का कर रहीं प्रतिनिधित्व
– प्राचार्य डॉ. अश्विन गंगवाल सहित स्टॉफ ने दी बधाई
जावरा। महावीर जैन नेशनल स्कूल, जावरा की प्रतिभाशाली छात्रा तनिष्क सोलंकी ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार से विद्यालय सहित रतलाम जिले का गौरव बढ़ाया है। तनिष्क नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 12वीं राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड मानक विज्ञान प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
तनिष्क का चयन उनके अभिनव प्रोजेक्ट ‘महिला सुरक्षा कवच’ के लिए हुआ है। मध्य प्रदेश से राज्य स्तर पर चयनित 27 प्रतिभागियों में शामिल तनिष्क अपने प्रोटोटाइप के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। वे अपनी गाइड टीचर एवं अभिभावक के साथ नई दिल्ली पहुंचीं।
महिला सुरक्षा की दिशा में अभिनव पहल –
तनिष्क सोलंकी ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ‘महिला सुरक्षा कवच’ नवाचार तैयार किया है। उनका यह प्रयास सामाजिक समस्या के समाधान के लिए विज्ञान और तकनीक के उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड मानक विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों को अपने मौलिक विचारों और वैज्ञानिक परियोजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती है। तनिष्क की उपलब्धि यह दर्शाती है कि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच समाज के लिए उपयोगी समाधान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
प्राचार्य डॉ. अश्विन गंगवाल ने दी बधाई –
महावीर जैन नेशनल स्कूल के प्राचार्य डॉ. अश्विन गंगवाल ने तनिष्क सोलंकी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करना गर्व का विषय है। विद्यालय परिवार ने तनिष्क के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपने नवाचार, मेहनत और वैज्ञानिक सोच से भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय एवं रतलाम जिले का नाम रोशन करेंगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

