– चार दिवसीय मेला 11 अप्रैल से शुरु होकर 14 अप्रेल को होगा खत्म
जावरा। महावीर नगर भीमाखेड़ी में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में चार दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा हंै। मेले की तैयारियां अंतिम चरण में है। हनुमान जयंती 12 अप्रैल को मनाई जाएगी। लेकिन ग्राम भीमाखेड़ी में मेला इससे एक दिन पहले यानि 11 अप्रैल से प्रारंभ हो जाएगा। जो 14 अप्रैल तक चलेगा।
उल्लेखनीय है कि यहां का मेला काफी प्रसिद्ध है और दूर-सुदूर ग्रामीण अँचलों से लोग मेले का आनन्द लेने यहाँ पहुंचते हैं। इसके अलावा जावरा शहर से भी बड़ी संख्या में नागरिक सपरिवार दक्षिण मुखी हनुमानजी की विशाल प्रतिमा के दर्शन करने व मेला घूमने भीमाखेड़ी की ओर रुख करते हैं। विगत कईं सालों से मेले का निरन्तर आयोजन हो रहा है। जिसमें झूले, चकरी,रेट और खाने-पीने के साथ ही खेल-खिलौने की दुकानें बड़ी तादाद में सजती है। झूले व चकरी लगाने का काम चल रहा है। मेले में सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों की धूम मची रहती है। इसी माह की 11 तारीख से शुरू हो रहे मेले को देखते हुए भीमाखेड़ी फाटक से लेकर मेला स्थल तक प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा पर्याप्त मात्रा में बल की तैनाती की जाती हैं।
हनुमान जी की चमत्कारिक प्रतिमा –
यहां स्थित हनुमानजी की प्रतिमा बहुत ही चमत्कारी बताई जाती है। जिसके दर्शनार्थ आए दिन भी श्रद्धालु मन्दिर पहुंचते हैं। मन्दिर परिसर में समाजसेवी अशोक जैन आंटिया के प्रयासों से शेड निर्माण व अन्य कार्य पूर्ण हुए। उनके द्वारा धर्म स्थलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए सराहनीय प्रयास किए गए। इसी कड़ी में जैन ने भीमाखेड़ी स्थित हनुमान मंदिर के साथ ही प्रांगण का जनसहयोग से कायाकल्प किया। अब यहां ग्रामीणजन मांगलिक व अन्य शुभ कार्य सहजता से कर सकते हैं।
मेले के मुख्य आयोजन –
मेला की शुरूआत के साथ ही पहले दिन मैजिक शो का आयोजन होगा। जादू के इस शो में कलाकार कई तरह के जादू दिखा कर दर्शकों को रोमांचित करेंगे। जबकि दूसरे दिन खाटू श्याम के नाम आयोजित भजन संध्या में लाला मस्ताना के मुखारविन्द से भजनों की गंगा बहेगी। तीसरे दिन दिल्ली के कलाकारों द्वारा भव्य व आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएगी। मेले के समापन अवसर पर आर्केस्ट्रा सहित अन्य रंगारंग कार्यक्रम में कलाकार मनमोहक प्रस्तुति देंगे। श्री हनुमान मंदिर मेला समिति भीमाखेड़ी ने धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक की संख्या में मेले में भाग लेने का आग्रह किया हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

