– नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश, उद्यमियों और किसानों ने साझा किए सफलता के अनुभव
– खराब सड़क, अस्पताल, एंबुलेंस और पूर्ण तहसील के दर्जे की मांग शिविर में उठी
– अन्नपूर्णा मंदिर की 28 बीघा भूमि की जांच और जल संरक्षण के निर्देश
बड़ावदा/रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत बड़ावदा के तेजाजी मंदिर परिसर में आयोजित जन विश्वास शिविर में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में पेयजल व्यवस्था, अवैध कॉलोनियों, खराब सड़क, अस्पताल, एंबुलेंस सेवा और बड़ावदा को पूर्ण तहसील का दर्जा देने सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए।
कलेक्टर ने नगर परिषद बड़ावदा को पेयजल की लीकेज पाइपलाइन तत्काल ठीक करने तथा पानी की व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या नहीं रहने के निर्देश दिए। वहीं, अवैध कॉलोनियों के मामले में एसडीएम को जांच रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत करने को कहा।
उद्यमियों और किसानों ने साझा किए सफलता के अनुभव –
शिविर में आयोजित उद्यमी संवाद के दौरान स्थानीय उद्यमियों और किसानों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिले लाभ तथा अपने अनुभव साझा किए। युवा उद्यमी विनय जोशी ने उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेकर टीवीएस व्यवसाय संचालित करने की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। अमृतलाल पाटीदार ने प्लाई फैक्टरी संचालन, उद्योग विभाग से मिले सहयोग और दो बार वित्तीय सहायता प्राप्त होने की जानकारी दी। उन्होंने बिजली संबंधी समस्या रखी, जिस पर कलेक्टर ने मौके पर ही समाधान करवाया। पाटीदार ने बताया कि सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने से बिजली की समस्या में राहत मिली है।
सात साल से जैविक खेती कर रहे सुनील शर्मा –
जैविक खेती कर रहे सुनील शर्मा ने बताया कि वे पिछले सात वर्षों से जैविक खेती कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें उद्यानिकी, कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण एवं सहयोग मिला। उन्होंने युवाओं को कृषि क्षेत्र में आगे आने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मधुमक्खी पालन के अनुभव भी साझा किए। एफपीओ से संबंधित समस्या और सीए के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की गई, जिस पर कलेक्टर ने गंभीरता से संज्ञान लिया।
आधुनिक खेती से रोजगार और बाजार तक पहुंच –
बलराम मेहता ने एक हेक्टेयर भूमि में अमरूद की खेती करने तथा जयपुर और बड़ोदरा तक फल भेजने की जानकारी दी। उन्होंने खेती के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के अनुभव भी साझा किए। ईश्वरलाल पाटीदार ने 10 बीघा में अमरूद का बगीचा विकसित करने और जैविक खेती के अनुभव बताए। उन्होंने पशुपालन, जैविक खाद तथा ड्रिप सिंचाई को अपनाने पर जोर दिया।
नागरिकों की समस्याओं पर अधिकारियों को निर्देश –
शिविर में नागरिकों ने सेजावता-भूतेड़ा मार्ग की खराब स्थिति, अस्पताल की व्यवस्था, एंबुलेंस सेवा तथा बड़ावदा को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की मांग रखी। पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने बताया कि सजावता-भूतेड़ा मार्ग को सड़क बजट में शामिल किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित कार्य का फॉलोअप करने और सड़क निर्माण जल्द सुनिश्चित करने के प्रयास करने के निर्देश दिए। अन्नपूर्णा मंदिर की 28 बीघा भूमि के मामले में तत्काल जांच करने को कहा गया। कलेक्टर ने एसडीएम को तालाब एवं डेम से सिंचाई के लिए पानी लेने पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जल उपलब्धता कम है, इसलिए पेयजल के लिए पानी का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
अस्पताल और एंबुलेंस व्यवस्था सुधारने के निर्देश –
अस्पताल संबंधी शिकायत पर कलेक्टर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज खुलने से जिले में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ी है। उन्होंने बड़ावदा शहर स्थित अस्पताल भवन में टीकाकरण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। एंबुलेंस सेवा से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए व्यवस्थित प्रणाली विकसित करने की बात कही। बड़ावदा को टप्पा तहसील से पूर्ण तहसील का दर्जा दिलाने की मांग पर कलेक्टर ने विशेष प्रयास करने का आश्वासन दिया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित –
जन विश्वास शिविर में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, एसडीएम विवेक सोनकर, नगर परिषद अध्यक्ष कल्पना कुमावत सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सीधे प्रशासन के सामने रखा गया और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
बड़ावदा जन विश्वास शिविर में कलेक्टर कटेसरिया सख्त : पेयजल लीकेज तुरंत सुधारें, अवैध कॉलोनियों की रिपोर्ट दें
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

