– गुंजा में शिवगढ़ पुलिस की दबिश, 280.65 किलो पौधे जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार
– 280.65 किलो गांजा जब्त, कीमत 28.06 लाख रुपये; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिवगढ़ पुलिस ने ग्राम गुंजा में एक खेत पर दबिश देकर गांजे के 880 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त पौधों का कुल वजन 280.65 किलोग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत 28 लाख 6 हजार 500 रुपये आंकी गई है। मामले में 52 वर्षीय वीरू पिता शम्भु पारगी को गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि शिवगढ़ पुलिस ने आठ दिन में लगातार दुसरी बार गांजे की खेती पकड़ी हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुंजा निवासी वीरू पारगी ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस टीम ने खेत की तलाशी ली तो कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे जैसे हरे पौधे उगे हुए मिले। पंचों की मौजूदगी में पौधों की गिनती और तौल की गई। कार्रवाई में कुल 880 पौधे, वजन 280.65 किलोग्राम, जब्त किए गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज –
पुलिस ने आरोपी वीरू पारगी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले में अवैध खेती से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय सहित उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, अजमेरसिंह भुरिया, ईशाक मोहम्मद खान और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

