– औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने कंजर डेरा उकेडिय़ा में दी दबिश
-कच्ची हाथभट्टी शराब बनाने का लहान नष्ट कर 7 लीटर कच्ची शराब जब्त की
जावरा। रतलाम जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना पुलिस ने कंजर डेरा उकेडिय़ा में दबिश देकर अवैध कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार करीब 300 लीटर लहान नष्ट किया और मौके से 7 लीटर कच्ची शराब जब्त की। मामले में एक महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश –
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की तस्करी और निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को कंजर डेरा उकेडिय़ा में दबिश देकर अवैध कच्ची हाथभट्टी शराब बनाने के लिए तैयार लहान को नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान करीब 300 लीटर लहान नष्ट किया गया तथा 7 लीटर कच्ची शराब विधिवत जब्त की गई।
महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज –
पुलिस ने मौके से कच्ची शराब निकालने के मामले में महिला रेखाबाई के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में धारा 34 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा, उनि मोहम्मद अय्यूब खान, उनि राज सिंह डामर, प्रधान आरक्षक शिवपाल सिंह, आरक्षक भूपेंद्र सिंह तथा सैनिक श्याम चौधरी सहित औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना पुलिस टीम की भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

