– 20 अक्टूबर को निकलेगी भगवान श्रीराम की सवारी, शाम 7.15 बजे होगा रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन
जावरा। शहर में दशहरा पर्व को भव्य और व्यवस्थित रूप से मनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दशहरा उत्सव की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार, 13 अक्टूबर को दशहरा उत्सव समिति एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने दशहरा मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति के परामर्शदाता एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान आमजन की सुविधा, सुरक्षा और दशहरा चल समारोह के सुचारु संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक डॉ. पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाया जाए। इस अवसर पर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक नीतिराज भारतसिंह, डॉ. एच.एस. राठौर, अध्यक्ष हरिनारायण अरोड़ा, कोषाध्यक्ष घनश्याम रामनानी, उपाध्यक्ष मुनिराज सिंह, संयोजक कैलाश विजयवर्गीय, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष यूसुफ कडपा, उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा, महेश सोनी, सीएमओ चंद्रशेखर सोमीत, एसडीओ पीडब्ल्यूडी किरण जामरे सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
20 अक्टूबर को शाम 4 बजे निकलेगी भगवान श्रीराम की सवारी –
दशहरा उत्सव समिति के अनुसार, 20 अक्टूबर को शाम 4 बजे भगवान श्रीराम की सवारी ताल नाका स्थित राम मंदिर से प्रारंभ होगी। सवारी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम 7 बजे दशहरा मैदान पहुंचेगी। यहां डिजिटल आतिशबाजी के साथ भगवान श्रीराम और रावण के बीच सांकेतिक युद्ध का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 7.15 बजे भगवान श्रीराम द्वारा बाण चलाकर रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के साथ ही सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि शहरवासी शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में दशहरा पर्व का आनंद ले सकें।
दिवंगत सचिव अजयसिंह भाटी को दी श्रद्धांजलि –
दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक के पश्चात समिति के सचिव अजयसिंह भाटी के कुछ दिन पूर्व हुए आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। समिति के सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

