– राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्नों ने किया रैंप वॉक, कृष्ण लीला और मटकी फोड़ ने बांधा समां
जावरा। स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा में सज-धजकर विद्यालय पहुंचे। बच्चों ने रैंप वॉक के माध्यम से अपनी मनमोहक अदाओं से सभी का मन मोह लिया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण लीला, मटकी फोड़ प्रतियोगिता और मनमोहक भजनों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। नन्हे कान्हाओं की बाल-लीलाओं और राधा-कृष्ण के रास नृत्य ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
कर्तव्य मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी –
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर देवेंद्र मूणत ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
ऐसे आयोजन से होता हैं संस्कृति से जुड़ाव –
विद्यालय के प्राचार्य भाविक मूणत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति, संस्कारों और नैतिक मूल्यों के प्रति जुड़ाव एवं सम्मान की भावना विकसित होती है। विद्यालय की एकेडमिक कोऑर्डिनेटर पूर्वी मूणत ने भी सभी को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय का सदैव प्रयास रहता है कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से भी जोड़े रखा जाए। कार्यक्रम के अंत में संपूर्ण विद्यालय परिवार ने भगवान श्री माधव से सभी के सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

