– सानिध्य, वेदिक और रिद्धिमा संभाग स्तर पर दिखाएंगे दम
जावरा। स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा के लिए गौरव का क्षण है। विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों सानिध्य भट्ट, वेदिक जैन एवं रिद्धिमा भारती का चयन संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। तीनों विद्यार्थी 3 सितंबर 2026 को उज्जैन में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय एवं जावरा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन, रणनीतिक सोच और उत्कृष्ट खेल कौशल के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। चयन की खबर से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर देवेंद्र मूणत ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शतरंज विद्यार्थियों में एकाग्रता, धैर्य, निर्णय लेने की क्षमता और तार्किक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय के लिए गर्व का विषय –
विद्यालय के प्राचार्य भाविक मूणत ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के निरंतर अवसर प्रदान किए जाते हैं। वहीं विद्यालय की एकेडमिक कॉर्डिनेटर पूर्वी मूणत ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय परिवार ने सानिध्य, वेदिक और रिद्धिमा को उज्जैन में होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जावरा का नाम रोशन करेंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

