– मिलावट की आशंका पर दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, साफ-सफाई और जरूरी दस्तावेज रखने के निर्देश
जावरा। रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जावरा में कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। इस दौरान मावा एवं सेव सहित कुल चार खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने गुना चौक स्थित अग्रवाल मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। यहां से मावा और सेव के नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान संचालक को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य लाइसेंस को प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद 54, सोमवारिया बाजार स्थित अरोड़ा नमकीन सेंटर का निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सेव एवं पेड़ा के नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही संचालक को पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड, मेडिकल सर्टिफिकेट और पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल चार नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग की कार्रवाई से त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ी है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

