– मिलावट की शंका पर भारत पैलेस, श्री गुरु कृपा पैलेस और जैन ढाबा एनएक्स में कार्रवाई; रिपोर्ट आने के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
जावरा। खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को जावरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिलावट की शंका के आधार पर पनीर, दही और बटर के कुल पांच नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल के अनुसार महू-नीमच रोड स्थित भारत पैलेस का निरीक्षण किया गया। यहां पनीर का नमूना मानक स्तर की जांच के लिए लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पंजीयन प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद होटल श्री गुरु कृपा पैलेस का निरीक्षण किया गया। यहां मिलावट की आशंका के चलते पनीर और दही के नमूने लिए गए। होटल संचालक को प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इसी क्रम में जैन ढाबा एनएक्स, महू-नीमच रोड, जावरा पर भी कार्रवाई की गई। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर परमानंद पिता जगन्नाथ राठौर के यहां से डिलीशियस बटर और दही के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत लिए गए।
तीन प्रतिष्ठानों से लिए पांच सेम्पल –
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल पांच खाद्य नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। वहीं, आम लोगों की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि लिए गए खाद्य नमूने गुणवत्ता और निर्धारित मानकों पर कितने खरे उतरते हैं।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

