– 2.50 करोड़ की लागत से बनेगा नया दिव्यांग छात्रावास भवन, अगली बारिश से पहले नए भवन में शिफ्टिंग के निर्देश
पिपलौदा/जावरा। जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने शुक्रवार को पिपलौदा स्थित जिला दिव्यांग छात्रावास का निरीक्षण किया। वर्तमान में छात्रावास डायट प्रशिक्षण संस्थान के भवन में संचालित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में रह रहे दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
2 करोड़ 50 लाख की लागत से बनेगा नया छात्रावास –
वर्तमान भवन में सीलन एवं अन्य समस्याओं को देखते हुए कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण मिलना जरूरी है। उन्होंने बताया कि छात्रावास के लिए नया भवन स्वीकृत हो चुका है, जिसका निर्माण वर्तमान परिसर में ही लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। कलेक्टर ने आरईएस विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अगली बारिश से पहले छात्रावास को नए भवन में संचालित किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बच्चों के कक्ष, वार्डेन कक्ष, किचन एवं भोजन व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
बच्चों के साथ जमीन पर बैठे कलेक्टर-विधायक, पेंटिंग देखकर बढ़ाया हौसला –
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अजय कटेसरिया और विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय बच्चों के साथ जमीन पर बैठ गए और उनसे आत्मीयता से बातचीत की। बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग देखकर दोनों ने उनकी प्रतिभा की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने इशारों एवं संकेतों के माध्यम से अपना नाम और मोबाइल नंबर भी बताया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर अधिकारियों ने उनका हौसला बढ़ाया। कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने छात्रावास में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराने की बात कही।
विधायक की स्वेच्छानुदान से बच्चों को मिली जरूरी सामग्री –
विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय द्वारा स्वेच्छानुदान मद से छात्रावास में निवासरत दिव्यांग बच्चों के लिए टीवी, कपड़े, गद्दे, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में छात्रावास में करीब 50 बच्चे निवासरत हैं। निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. पाण्डेय ने छात्रावास परिसर में पौधारोपण भी किया।
रतलाम मेडिकल कॉलेज में ही हो बेरा टेस्ट की सुविधा –
निरीक्षण के दौरान सहायक जिला परियोजना समन्वयक मदन धमानिया ने कलेक्टर को बताया कि जिले के श्रवण बाधित बच्चों के बेरा टेस्ट के लिए वर्तमान में मेडिकल बोर्ड रतलाम से उन्हें एम.वाय. हॉस्पिटल इंदौर रेफर किया जाता है। उन्होंने सुझाव दिया कि यह जांच सुविधा रतलाम मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध कराई जाए, ताकि दिव्यांग बच्चों और उनके परिजनों को जांच के लिए इंदौर नहीं जाना पड़े। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, जावरा एसडीएम रचना शर्मा, तहसीलदार पिंकी साठे, छात्रावास अधीक्षक अंबाराम बोस सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

