– बाउंड्रीवाल तोडऩे का आरोप, विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से खत्म करने की धमकी देने का मामला
बड़ावदा/जावरा । गोशाला निर्माण को लेकर बड़ावदा में विवाद का मामला सामने आया है। श्री कृष्ण गोपाल गोशाला के अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मंदिर के पुजारी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्री कृष्ण गोपाल गोशाला के अध्यक्ष रामनारायण पाटीदार ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गोशाला निर्माण के लिए ठिकरिया फंटा स्थित बालाजी मंदिर के समीप भूमि आवंटित हुई है, जहां वर्तमान में निर्माण कार्य चल रहा है। शिकायत के अनुसार, बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना करने वाले कुंदनदास पिता महावीरदास बैरागी, निवासी बड़ावदा, गोशाला की बाउंड्रीवाल के निर्माण का विरोध कर रहे थे।
सीमेंट पोल से बनी बाउंड्री को तोड़कर पहुंचाया नुकसान –
फरियादी ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर सीमेंट के पोल से बनाई गई बाउंड्री को कुंदनदास बैरागी ने तोड़कर नुकसान पहुंचाया। इसके बाद रविवार सुबह करीब 11 बजे गोशाला अध्यक्ष रामनारायण पाटीदार अपने साथ मोहनलाल पाटीदार, रामगोपाल पाटीदार एवं समरथ गुर्जर के साथ मौके पर पहुंचे और बाउंड्री तोडऩे का कारण पूछा। शिकायत के अनुसार, इस बात से नाराज होकर आरोपी ने फरियादी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। जब गाली देने से मना किया गया तो आरोपी ने कथित रूप से कहा कि यदि यहां गोशाला का निर्माण किया गया तो वह जान से खत्म कर देगा।
शिकायत पर दर्ज हुआ प्रकरण –
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी कुंदनदास पिता महावीरदास बैरागी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS ) की धारा 296(ए), 351(3) एवं 324(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

