– 98.4 अंक व फाइव स्टार रैंक के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान, मध्य प्रदेश और जावरा का नाम किया रोशन
जावरा। स्वच्छ भारत अभियान के तहत भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्यांकन-2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें शासकीय सांदीपनि हायर सेकेंडरी विद्यालय, जावरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.4 अंक एवं फाइव स्टार रैंक के साथ देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है।
शिक्षा मंत्रालय द्वारा देशभर के लगभग 12 लाख शहरी एवं ग्रामीण विद्यालयों का स्वच्छता, हरित परिसर, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, अपशिष्ट निष्पादन, सौर ऊर्जा, संकेतक व्यवस्था एवं अन्य विभिन्न मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। मध्य प्रदेश के लगभग 70 हजार विद्यालयों में से चयनित शीर्ष 20 विद्यालयों में सांदीपनि विद्यालय जावरा 99.4 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित 600 विद्यालयों का राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया गया।
60 निर्धारित मानको पर किया निरीक्षण –
राष्ट्रीय सर्वेक्षण दल ने विद्यालय का लगभग 60 निर्धारित मानकों पर सूक्ष्म निरीक्षण एवं परीक्षण किया। इसमें 100 प्रतिशत कचरा मुक्त परिसर, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, हर्बल गार्डन, किचन गार्डन, हरित परिसर, वर्षा जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त कैंपस, आरओ वेस्ट वाटर से सिंचाई व्यवस्था, सौर ऊर्जा प्रबंधन सहित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
समय समय पर मिले मार्गदर्शन से पाई सफलता –
विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र बोस ने बताया कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की अनुशासित कार्यशैली, निरंतर मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय एवं राज्य शिक्षा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों का समय-समय पर मिला मार्गदर्शन भी इस सफलता में महत्वपूर्ण रहा। विद्यालय में संचालित इको क्लब एवं स्वच्छता समिति के अंतर्गत संयोजक सुनील सोनी, कामिनी खान, हर्षा नामदेव, विजय प्रजापति एवं कैलाशचंद्र कपासिया के नेतृत्व में प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया गया। विद्यालय परिसर में लगभग 400 पेड़-पौधे विकसित किए गए हैं तथा प्रमुख वृक्षों पर क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं। उपप्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। भविष्य में भी विद्यालय को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दी बधाई –
विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर नगर के सांदीपनि विद्यालय द्वारा अर्जित यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। विद्यालय परिवार की मेहनत प्रेरणादायी एवं अत्यंत प्रशंसनीय है। सभी को साधुवाद। एसडीएम रचना शर्मा ने कहा कि नगर के इस विद्यालय ने स्वच्छता एवं हरियाली की दिशा में उत्कृष्ट कार्य किया है। यह उपलब्धि सभी के लिए प्रेरणा है। जिला शिक्षा अधिकारी सिमरन सूर्यवंशी ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्यांकन-2026 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय ने पूरे शिक्षा विभाग का नाम रोशन किया है। विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई। नगर पालिका अध्यक्ष अनम युसूफ कड़पा ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे नगर का गौरव बढ़ाया है। नगर को भी स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

