जावरा। पुरानी रंजिश के चलते यहां उज्जैन रोड पर स्थित ढाबे पर एक ट्राला चालक के साथ एक दर्जन अज्ञात लोगों ने मारपीट की। पुलिस चौकी हुसैन टेकरी ने मामले की जांच कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। सूत्रों ने बताया कि रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र का निवासी राकेश पिता मांगीलाल चन्द्रवंशी पेशे से ड्राइवर है। वह सोमवार को भीमाखेड़ी फाटक के समीप वाहन खड़ा कर अपने साथी के साथ दोपहर में जावरा-उज्जैन रोड पर स्थित हरियाली ढाबा पर खाना खाने पहुंचा। इस दौरान दस से बारह की संख्या में अज्ञात युवक अलग-अलग बाइक पर सवार होकर ढाबा पर आए और खाना खाकर अपने दोस्त से बतिया रहे चालक राकेश चंद्रवंशी की लात, हाथ व घूंसों से जमकर पिटाई करना शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उक्त अज्ञात लोग उसे खींचकर ढाबे से बाहर ले गए और पुन: उसके साथ मारपीट करने लगे। यह देख चालक का साथी मारे डर के मौके से दाएं-बाएं हो गया। इस घटना में ड्राइवर राकेश चंद्रवंशी के कपड़े फट गए। इसके बाद वे उसे बुलेट पर बिठाकर ग्राम आक्याबेनी की तरफ ले जाने की कोशिश करने लगे। इस बीच किसी ने राकेश चंद्रवंशी के मित्र लाला चंद्रवंशी को घटना की सूचना दी। उसने हस्तक्षेप करते हुए ड्राइवर को छुड़वाया। फरियादी राकेश चंद्रवंशी ने घटना की जानकारी हुसैन टेकरी चौकी पुलिस को दी। जहां से प्रभारी कुलदीप पटेल घटनास्थल हरियाली ढाबा पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखकर जांच प्रारंभ की। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही समाज के होकर इनके बीच पुराना विवाद चला आ रहा है। आज की घटना भी उसी से जुड़ी हुई है। बहरहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करवाते हुए मामला शांत किया।

